वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
स्थानीय लोग जितेंद्र साव की इस बहादुरी की जमकर सराहना कर रहे हैं
हावड़ा। उत्तर हावड़ा इलाके में एक होटल व्यवसायी की सूझबूझ और अदम्य साहस की बदौलत पुलिस ने मोबाइल छिनतई करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। अकेले दम पर बदमाशों से लोहा लेने वाले इस साहसी व्यक्ति की वजह से न सिर्फ दो लुटेरे रंगे हाथों पकड़े गए, बल्कि उनकी निशानदेही पर गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है। पकड़े गए बदमाशों से पुलिस अब कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बीते शुक्रवार की तड़के सुबह करीब 3:00 बजे की है, जब हावड़ा के स्थानीय होटल मालिक जितेंद्र साव सड़क पर पैदल चलते हुए अपने घर फोन पर बात कर रहे थे। उसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन शातिर अपराधियों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। अचानक हुए इस हमले से घबराने के बजाय जितेंद्र साव ने निडरता दिखाते हुए बदमाशों का जोरदार मुकाबला किया। आपसी गुत्थगुत्थी और जितेंद्र के कड़े प्रतिरोध के कारण बदमाशों के हाथ से फोन वहीं सड़क पर गिर गया। खुद को घिरता देख और पकड़े जाने के डर से बदमाश अपनी बाइक पर सवार होकर तेजी से भागने लगे।
बदमाशों को भागता देख जितेंद्र ने तुरंत पैदल ही उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूर भागने पर रास्ते में उन्हें पुलिस का एक गश्ती वाहन (पेट्रोलिंग वैन) दिखाई दिया, जिससे उन्होंने तुरंत मदद की गुहार लगाई। इसी बीच शोर सुनकर जितेंद्र के दो बेटे भी अपनी मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंच गए। इसके बाद जितेंद्र समय गंवाए बिना अपने बेटों की बाइक पर पीछे बैठ गए और पुलिस वैन के साथ मिलकर लुटेरों का पीछा करना शुरू किया। बदमाशों की बाइक जैसे ही उनकी जद में आई, जितेंद्र ने सही मौका देखते हुए अपनी मोटरसाइकिल से बदमाशों की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही संतुलन बिगडऩे से लुटेरे सड़क पर गिर पड़े। बाइक से गिरते ही जितेंद्र साव ने फुर्ती दिखाते हुए दो बदमाशों को कसकर दबोच लिया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को तुरंत हिरासत में ले लिया। इसके बाद हावड़ा पुलिस ने थाने ले जाकर जब पकड़े गए दोनों बदमाशों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपने पूरे गिरोह का सच उगल दिया। उनकी दी गई गुप्त सूचना और निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए गिरोह के तीन और साथियों को विभिन्न इलाकों से गिरफ्तार कर लिया। इस तरह एक आम नागरिक की जांबाजी के कारण पांच शातिर अपराधी पुलिस के जाल में फंस गए। स्थानीय लोग जितेंद्र साव की इस बहादुरी की जमकर सराहना कर रहे हैं।